दिलीप कुमार। कुदरहा बस्ती।
बस्ती। जनपद बस्ती के कुदरहा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत भंगुरा में उचित दर विक्रेता द्वारा राशन वितरण में भारी अनियमितता और खाद्यान्न की कालाबाजारी का मामला सामने आया है। जिलाधिकारी के अनुमोदन के बाद कोटेदार रामानंद और उनकी दुकान का संचालन करने वाले संजय कुमार के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया है।
पूर्ति निरीक्षक कुदरहा द्वारा 10 जून 2026 को की गई जांच में पाया गया कि ग्राम पंचायत भंगुरा के उचित दर विक्रेता रामानंद ने जून माह के वितरण चक्र में 287 राशन कार्डधारकों के सापेक्ष मात्र 14 कार्डधारकों को ही खाद्यान्न वितरित किया था। ऑनलाइन रिपोर्ट और भौतिक सत्यापन के दौरान दुकान में उपलब्ध खाद्यान्न का मिलान करने पर भारी अंतर पाया गया।
जांच में रिकॉर्ड के अनुसार दुकान में 47.52 कुंतल गेहूं और 70.69 कुंतल चावल उपलब्ध होना चाहिए था, जबकि मौके पर केवल 8.87 कुंतल गेहूं और 15.50 कुंतल चावल ही मिला। इस प्रकार 38.65 कुंतल गेहूं और 55.19 कुंतल चावल कम पाया गया।
पूर्ति विभाग की जांच रिपोर्ट के अनुसार यह खाद्यान्न कालाबाजारी किए जाने की आशंका जताई गई है। जांच में यह भी सामने आया कि पूर्व के महीनों में भी राशन वितरण में अनियमितताएं की गई थीं। अप्रैल माह में 287 कार्डधारकों में से केवल 100 तथा मई माह में 97 कार्डधारकों को ही राशन वितरण दर्शाया गया था।
निरीक्षण के दौरान मौजूद ग्रामीणों एवं अन्य उचित दर विक्रेताओं के समक्ष उपलब्ध खाद्यान्न तथा वितरण संबंधी उपकरणों को सुरक्षित कर अन्य उचित दर विक्रेता को सुपुर्द कर दिया गया।
पूर्ति निरीक्षक अनुराग श्रीवास्तव की रिपोर्ट पर जिलाधिकारी के अनुमोदन के बाद उचित दर विक्रेता रामानंद तथा दुकान संचालक संजय कुमार निवासी ग्राम पंचायत भंगुरा के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
