कचूरे ग्राम पंचायत के विकास कार्यों को मिली क्लीन चिट, त्रिस्तरीय जांच में नहीं मिली कोई अनियमितता


 बस्ती। विकास खंड बहादुरपुर की ग्राम पंचायत कचूरे में कराए गए विकास कार्यों की जांच जिलाधिकारी के निर्देश पर गठित त्रिस्तरीय टीम द्वारा ग्रामीणों की उपस्थिति में की गई। जांच के दौरान अंत्येष्टि स्थल, इंटरलॉकिंग सड़क सहित विभिन्न विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया गया।


जांच टीम ने निर्माण कार्यों का भौतिक सत्यापन करने के साथ ही संबंधित अभिलेखों की भी जांच की। मौके पर मौजूद ग्रामीणों से कार्यों की गुणवत्ता एवं उपयोगिता के बारे में जानकारी ली गई। निरीक्षण के दौरान सभी विकास कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप पाए गए तथा किसी प्रकार की कोई कमी या अनियमितता नहीं मिली।


जांच के समय ग्राम पंचायत के निवासी रामशब्द यादव, राम गोपाल, वीरेंद्र चौरासिया, राजधर यादव, महेंद्र यादव, विजयपाल, अरुण कुमार एवं राजाराम सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने जांच टीम के समक्ष बताया कि ग्राम प्रधान द्वारा कराए गए विकास कार्य गुणवत्तापूर्ण हैं और गांव के लोगों को इनसे सीधा लाभ मिल रहा है।


ग्रामीणों ने कहा कि अंत्येष्टि स्थल एवं इंटरलॉकिंग सड़क जैसे कार्यों से गांव में सुविधाएं बढ़ी हैं। उन्होंने विकास कार्यों पर संतोष व्यक्त करते हुए ग्राम प्रधान के प्रयासों की सराहना की।


त्रिस्तरीय जांच टीम द्वारा किए गए निरीक्षण में सभी कार्य संतोषजनक पाए जाने के बाद ग्राम पंचायत में खुशी का माहौल है। जांच में विकास कार्यों को लेकर लगाए गए आरोपों की पुष्टि नहीं हुई और सभी कार्य मानक के अनुरूप पाए गए।


Previous Post Next Post