बस्ती/बहादुरपुर। दलित समाज के सामाजिक, शैक्षिक एवं संगठनात्मक विकास के उद्देश्य से कार्यरत दलित उत्थान समिति, बहादुरपुर की महत्वपूर्ण बैठक रविवार को गुरु रविदास मंदिर के सभागार में संपन्न हुई। बैठक में सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया, जिसमें दीपचंद को अध्यक्ष और सुरेंद्र कुमार आजाद को महामंत्री चुना गया।
बैठक की शुरुआत समिति के इतिहास, उद्देश्यों और समाज हित में किए गए संघर्षों पर चर्चा के साथ हुई। मुख्य वक्ता बुद्ध विक्रम सेन ने समिति की स्थापना से लेकर वर्तमान तक की उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। वहीं समिति के संरक्षक संतराम अम्बेडकर ने संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए।
निवर्तमान अध्यक्ष वीरेंद्र प्रताप ने अपने कार्यकाल का लेखा-जोखा प्रस्तुत करते हुए संगठन की उपलब्धियों और चुनौतियों पर चर्चा की। इसके बाद उन्होंने नई कार्यकारिणी के गठन का प्रस्ताव सदन के समक्ष रखा, जिसे उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया।
नई कार्यकारिणी में दीपचंद (कुरहा पट्टी पृथी) को अध्यक्ष, सुरेंद्र कुमार आजाद (डारीडीहा) को महामंत्री, राजेंद्र प्रसाद (बहादुरपुर) को वरिष्ठ उपाध्यक्ष तथा दिलीप कुमार (जुवाजाता) को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।
चयन प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद निवर्तमान अध्यक्ष वीरेंद्र प्रताप ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। उन्होंने विश्वास जताया कि नई टीम संगठन को नई दिशा और गति प्रदान करेगी तथा समाज के हितों के लिए समर्पित भाव से कार्य करेगी।
इस अवसर पर समिति के संस्थापक सदस्य रामजन्म, चंद्रजीत गौतम, संतोष कुमार, राकेश मणि गौतम तथा संरक्षक संतराम अम्बेडकर ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सदस्यों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष दीपचंद ने कहा कि समिति के शेष पदों पर भी जल्द ही नियुक्तियां कर संगठन को और मजबूत बनाया जाएगा। वहीं महामंत्री सुरेंद्र कुमार आजाद ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए समाज हित में पूरी निष्ठा से कार्य करने का संकल्प लिया।
