बस्ती में दर्दनाक सड़क हादसा: ट्रेलर से भिड़ी बाइक, 30 वर्षीय युवक की मौत




बस्ती।

जनपद के लालगंज थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसा लालगंज-महादेवा मार्ग पर जनता इंटर कॉलेज वारीघाट के आगे सुबह करीब 9:30 बजे हुआ। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

मृतक की पहचान असलाफ (30 वर्ष) पुत्र गयासुद्दीन, निवासी ग्राम पटरियां, थाना धनघटा, जनपद संतकबीरनगर के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, असलाफ अपने रिश्तेदार के यहां से महादेवा की ओर से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान लालगंज की तरफ जा रहे एक ट्रेलर से उनकी आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि आसपास खेतों में काम कर रहे लोग तत्काल घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े।

घटना के बाद घायल युवक के मोबाइल से उसके परिजनों और रिश्तेदारों को सूचना दी गई। इसके बाद रिश्तेदार बोलेरो वाहन से उन्हें तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

Previous Post Next Post