वन महोत्सव पर स्कूली बच्चों के साथ होगा पौधरोपण, बीएसए समेत कई अधिकारी रहेंगे मौजूद


 


बहादुरपुर, बस्ती। वन महोत्सव सप्ताह के तहत 7 जुलाई को बहादुरपुर विकासखंड की पकड़ी छब्बर ग्राम पंचायत स्थित प्राथमिक विद्यालय में पौधरोपण एवं पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम ट्री इनिशिएटिव्स सोसाइटी की ओर से सुबह 9 बजे शुरू होगा, जिसमें स्कूली बच्चों के साथ पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जाएगा।


कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों को वृक्षारोपण, वन संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण तथा सतत विकास के प्रति जागरूक करना है। इस दौरान विद्यालय परिसर एवं आसपास विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए जाएंगे तथा उनके संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प भी लिया जाएगा। साथ ही जलवायु परिवर्तन, जैव विविधता और हरित आवरण बढ़ाने की आवश्यकता पर भी चर्चा की जाएगी।


कार्यक्रम में बेसिक शिक्षा अधिकारी को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। इसके अलावा खंड शिक्षा अधिकारी, कप्तानगंज रेंज के वन विभाग के अधिकारी, ग्राम प्रधान, जनप्रतिनिधि, शिक्षक, विद्यार्थी और स्थानीय नागरिक भी शामिल होंगे।


ट्री इनिशिएटिव्स सोसाइटी के अध्यक्ष प्रभाकर ने बताया कि संस्था का उद्देश्य केवल पौधरोपण करना नहीं, बल्कि लगाए गए पौधों के संरक्षण और उनके दीर्घकालिक संवर्धन के प्रति समाज में जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है। उन्होंने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान को सफल बनाने की अपील की।


उन्होंने कहा कि आज लगाया गया एक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और हरित भविष्य की मजबूत आधारशिला बनेगा।

Previous Post Next Post