बस्ती। जनपद बस्ती के विकास खंड बहादुरपुर अंतर्गत ग्राम खरिका भारी में पिछले पाँच दिनों से विद्युत आपूर्ति पूरी तरह ठप है। गांव का विद्युत ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण 01 अगस्त 2026 से पूरे गांव के लोग अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायत दर्ज कराने के बावजूद अब तक विभाग की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
ग्राम निवासी इरफान खान ने बताया कि ट्रांसफार्मर खराब होने के बाद विद्युत विभाग में ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई गई, जिसकी शिकायत संख्या PU03082604893 है। इसके बावजूद पाँच दिन बीत जाने के बाद भी न तो ट्रांसफार्मर बदला गया और न ही बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी।
ग्रामीणों के अनुसार बिजली न होने से पेयजल आपूर्ति प्रभावित हो रही है, विद्यार्थियों की पढ़ाई बाधित है तथा घरेलू कार्यों में भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं रात्रि के समय पूरे गांव में अंधेरा रहने से सांप-बिच्छू के काटने, चोरी और अन्य अप्रिय घटनाओं की आशंका बढ़ गई है, जिससे ग्रामीणों में भय और असुरक्षा का माहौल है।
इरफान खान का कहना है कि शिकायत दर्ज होने के बावजूद विद्युत विभाग ने अपेक्षित तत्परता नहीं दिखाई। उन्होंने अधिशासी अभियंता सहित संबंधित अधिकारियों से जनहित को देखते हुए क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मर को तत्काल बदलने, बिजली आपूर्ति शीघ्र बहाल करने तथा लंबित शिकायत का तत्काल निस्तारण कराने की मांग की है।
