बस्ती | 07 अगस्त, 2026
शिक्षा, सामाजिक जागरूकता एवं नागरिक सशक्तिकरण के क्षेत्र में कार्यरत पंजीकृत सामाजिक संस्था ट्री इनिशिएटिव्स सोसायटी ने जनपद बस्ती के प्राथमिक विद्यालय-डारीडीहा, विकासखंड-बहादुरपुर में अगस्त माह के अंतिम सप्ताह के दौरान विधिक जागरूकता एवं निःशुल्क विधिक सहायता शिविर आयोजित किए जाने के संबंध में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA), बस्ती को एक औपचारिक प्रस्ताव प्रेषित किया है।
प्रस्ताव में अनुरोध किया गया है कि शिविर के सफल संचालन हेतु जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से एक सक्षम विधिक अधिकारी, पैनल अधिवक्ता अथवा संसाधन व्यक्ति को नामित किया जाए, जिससे ग्रामीण नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण विधिक परामर्श एवं विधिक जागरूकता उपलब्ध कराई जा सके।
प्रस्तावित शिविर के माध्यम से ग्रामीण नागरिकों को निःशुल्क विधिक सहायता, लोक अदालत, महिला एवं बाल अधिकार, वरिष्ठ नागरिकों के अधिकार, उपभोक्ता संरक्षण, साइबर अपराध से बचाव, सूचना का अधिकार (RTI) तथा अन्य महत्वपूर्ण विधिक विषयों की जानकारी प्रदान करने का उद्देश्य है। साथ ही पात्र व्यक्तियों को निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया से भी अवगत कराया जाएगा।
ट्री इनिशिएटिव्स सोसायटी का मानना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में विधिक जागरूकता बढ़ाने से नागरिकों की न्याय तक पहुँच सुदृढ़ होगी तथा वे अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति अधिक जागरूक बनेंगे।
संस्था ने आशा व्यक्त की है कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा प्रस्ताव पर सकारात्मक विचार करते हुए आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाएगा, जिससे यह जनहितकारी पहल सफलतापूर्वक आयोजित की जा सके।