बस्ती। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मदरसा जौहरुल उलूम, बैराड़ी में देश की आजादी और राष्ट्रीय एकता के संदेश के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान पूर्व ग्राम प्रधान नूरुल हसन ख़ान एवं वर्तमान ग्राम प्रधान अभिषेक कुमार यादव एवं डॉक्टर हादुल वरा ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण कर स्वतंत्रता दिवस समारोह का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करते हुए देश की एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में मौलाना तल्हा ने अपने संबोधन में कहा कि देश की आजादी हमें अनगिनत कुर्बानियों के बाद मिली है। इसलिए आजादी की अहमियत को समझना और उसकी हिफाजत करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि समाज में सभी लोगों को आपसी प्रेम, भाईचारे और मिल-जुलकर रहना चाहिए, क्योंकि देश की तरक्की और मजबूती तभी संभव है जब समाज में अमन और एकता कायम रहे।
वहीं कारी हस्सान एवं हाफ़िज़ नौशाद , क़ुतुबुद्दीन ने अपने संबोधन में आजादी के महत्व को एक अलग दृष्टिकोण से समझाते हुए कहा कि हमें केवल ‘आजादी’ शब्द को नहीं, बल्कि उसके पीछे छिपी ऐतिहासिक घटनाओं और संघर्षों को भी समझना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता का वास्तविक महत्व उन लोगों के संघर्ष, त्याग और बलिदान को याद करने में है, जिनकी कुर्बानियों के परिणामस्वरूप देश को आजादी मिली।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने लोगों से देश की एकता एवं अखंडता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा समाज में अमन, शांति, आपसी सौहार्द और भाईचारे का वातावरण बनाए रखने की अपील की।
कार्यक्रम का संदेश स्पष्ट रहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि देश के लिए किए गए संघर्ष और बलिदानों को याद करने तथा एक जिम्मेदार, शांतिपूर्ण और एकजुट समाज के निर्माण का संकल्प लेने का दिन है।