सड़क हादसों में घायलों की मदद को आगे आएंगे ग्रामीण स्वास्थ्य सेवक, देंगे निःशुल्क प्राथमिक उपचार




 ग्रामीण स्वास्थ्य सेवक वेलफेयर एसोसिएशन की बैठक शनिवार को बस्ती स्थित एक निजी अस्पताल में आयोजित हुई। बैठक में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. प्रेम त्रिपाठी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने और सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।


डॉ. प्रेम त्रिपाठी ने कहा कि संगठन से जुड़े ग्रामीण स्वास्थ्य सेवक सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों को निःशुल्क प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने के साथ ही उन्हें नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अथवा अस्पताल तक पहुंचाने में हरसंभव सहयोग करेंगे। उन्होंने कहा कि संगठन का प्रयास है कि दुर्घटना के बाद कोई भी घायल व्यक्ति सड़क पर असहाय अवस्था में न पड़ा रहे।


उन्होंने कहा कि यदि सरकार ग्रामीण स्वास्थ्य सेवकों को विधिवत प्रशिक्षण देकर प्राथमिक उपचार के क्षेत्र में मान्यता प्रदान करती है, तो ग्रामीण इलाकों में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है। संगठन वर्ष 2017 से ग्रामीण स्वास्थ्य सेवकों के मुद्दों को लगातार उठाता आ रहा है। इस संबंध में उत्तर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक, श्रम मंत्री ओमप्रकाश राजभर और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से मुलाकात कर प्रशिक्षण एवं मान्यता की मांग की जा चुकी है।


राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि सांसद रूपा गांगुली और राघव चड्ढा द्वारा भी सदन में ग्रामीण स्वास्थ्य सेवकों से जुड़े मुद्दे उठाए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि यदि सरकार प्रशिक्षण और मान्यता की दिशा में ठोस पहल नहीं करती है तो संगठन भविष्य में व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।


राष्ट्रीय महासचिव डॉ. सुनील चौधरी ने कहा कि संगठन ग्रामीण स्वास्थ्य सेवकों को निःशुल्क प्राथमिक उपचार का प्रशिक्षण देकर उनकी कार्यक्षमता और सेवा की गुणवत्ता बढ़ाने की दिशा में काम करेगा।


प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार रंजन ने संगठन के विस्तार पर जोर देते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक से अधिक स्वास्थ्य सेवकों को संगठन से जोड़ा जाएगा। क्षेत्रीय अध्यक्ष गोरखपुर डॉ. ध्रुव कुमार ने उपस्थित लोगों के प्रति आभार जताया।


कार्यक्रम की शुरुआत महिला मोर्चा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य डॉ. रेनू बाला द्वारा मुख्य अतिथि के स्वागत के साथ हुई। जिला अध्यक्ष बस्ती डॉ. एन.के. चौहान ने संगठन के उद्देश्यों और आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से प्रकाश डाला तथा सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन बस्ती मंडल अध्यक्ष डॉ. लाल जी आजाद ने किया।


बैठक के दौरान संगठन का विस्तार करते हुए राहुल मद्धेशिया को जनपद संतकबीरनगर का जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया। वहीं डॉ. आर.के. गौतम, डॉ. आर.के. आजाद, डॉ. प्रेम चंद चौधरी और डॉ. राधेश्याम को जिला उपाध्यक्ष, डॉ. सत्यम विश्वास को जिला महासचिव तथा रविन्द्र कुमार को बस्ती आईटी सेल प्रभारी घोषित किया गया।


कार्यक्रम में राजेश कुमार, अमित पाल, अजीत कुमार, डॉ. रूपा चौहान समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण स्वास्थ्य सेवक एवं आम नागरिक मौजूद रहे।

Previous Post Next Post