बस्ती। विकासखंड कुदरहा की ग्राम पंचायत बैराड़ी मुस्तहकम में जन्म प्रमाण-पत्र से जुड़े लंबित प्रकरण को लेकर एक नागरिक ने ग्राम पंचायत सचिव महेंद्र यादव पर फोन न उठाने और बातचीत के दौरान कथित रूप से अभद्र एवं अमर्यादित व्यवहार करने का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ता ने जिलाधिकारी बस्ती और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराकर मामले की जांच व उचित कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, उसकी माता के जन्म प्रमाण-पत्र से संबंधित प्रकरण करीब 4–6 माह से लंबित है। 24 जून 2026 को फाइल विकासखंड से प्राप्त होने के बाद उसने तहसील स्तर पर भी पैरवी की। बाद में फाइल दोबारा विकासखंड पहुंचने पर वह करीब एक सप्ताह तक सचिव से फोन पर संपर्क का प्रयास करता रहा, लेकिन फोन नहीं उठाया गया।
आरोप है कि 16 अगस्त को सचिव ने फोन उठाया तो बातचीत के दौरान कथित रूप से तू-तड़ाक और अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया गया। इसके बाद शिकायतकर्ता ने खंड विकास अधिकारी, कुदरहा से भी संपर्क किया, लेकिन अपेक्षित सहयोग नहीं मिलने का आरोप लगाया।
शिकायतकर्ता का कहना है कि उसके पास कॉल हिस्ट्री और स्क्रीनशॉट उपलब्ध हैं, जिन्हें शिकायत के समर्थन में प्रस्तुत किया गया है।
उसने अधिकारियों से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर जन्म प्रमाण-पत्र संबंधी लंबित कार्यवाही का नियमानुसार शीघ्र निस्तारण कराया जाए। साथ ही, जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित कर्मचारी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। शिकायतकर्ता ने कहा कि उसका उद्देश्य व्यक्तिगत कार्रवाई नहीं, बल्कि सरकारी कार्य का समयबद्ध निस्तारण और नागरिकों के साथ शालीन व्यवहार सुनिश्चित कराना है।
