बस्ती। सूफी संगीत, भारतीय संस्कृति एवं सामाजिक सौहार्द को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ट्री इनिशिएटिव्स सोसाइटी (TIS) द्वारा जनपद बस्ती के विकासखंड–बहादुरपुर में “सूफी कव्वाली संध्या” आयोजित कराने के लिए संस्कृति विभाग, उत्तर प्रदेश को प्रस्ताव भेजा गया है।
संस्था द्वारा प्रस्तावित कार्यक्रम की संभावित तिथि 13 नवंबर 2026 रखी गई है। प्रस्ताव का उद्देश्य सूफी संगीत एवं कव्वाली की समृद्ध परंपरा को जन-जन तक पहुंचाने के साथ-साथ सांप्रदायिक सौहार्द, सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारे और इंसानियत के संदेश को सांस्कृतिक माध्यम से मजबूत करना है।
प्रस्ताव में प्रतिष्ठित कव्वाल कलाकारों द्वारा पारंपरिक सूफी कव्वाली की प्रस्तुति कराने की योजना भी शामिल की गई है। संस्था का मानना है कि संगीत ऐसी प्रभावशाली सांस्कृतिक भाषा है, जो विभिन्न समुदायों के लोगों को जोड़ने और सामाजिक दूरी कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
ट्री इनिशिएटिव्स सोसाइटी के अनुसार, सूफी परंपरा में प्रेम, शांति, सह-अस्तित्व और मानवता का संदेश प्रमुख रहा है। इसी विचार को केंद्र में रखते हुए प्रस्तावित सांस्कृतिक संध्या के माध्यम से क्षेत्र के लोगों, विशेषकर युवाओं को भारतीय सांस्कृतिक विरासत एवं सूफी संगीत की समृद्ध परंपरा से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
संस्था ने संस्कृति विभाग, उत्तर प्रदेश से कार्यक्रम के आयोजन हेतु आवश्यक सहयोग एवं अनुमति प्रदान करने का अनुरोध किया है। कार्यक्रम की अंतिम स्वीकृति, तिथि, स्थान एवं अन्य व्यवस्थाएं संबंधित विभाग से प्राप्त अनुमति एवं समन्वय के बाद ही निर्धारित की जाएंगी।