![]() |
| मरम्मत कार्य करते हुए |
बस्ती, उत्तर प्रदेश। कलवारी थाना क्षेत्र के चमनगंज में बरसात के पानी से सड़क धंसने की खबर का बड़ा असर हुआ है। ग्रामीणों और राहगीरों की लगातार शिकायतों के बाद अब नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने मौके पर पहुंचकर मरम्मत कार्य शुरू कर दिया है।
गुरुवार सुबह से ही NHAI के इंजीनियर और कर्मचारी मशीनों के साथ पहुंचे और सड़क किनारे कटान रोकने का काम शुरू किया। मिट्टी भराई और पथरीकरण किया जा रहा है, साथ ही अस्थायी बैरिकेड और चेतावनी बोर्ड भी लगाए जा रहे हैं ताकि यात्रियों को खतरे से बचाया जा सके।
![]() |
| 📷 (तस्वीर: मौके पर मौजूद NHAI की हाईवे पेट्रोल यूनिट) |
स्थानीय निवासी अभिषेक यादव ने राहत की सांस लेते हुए कहा, “कई दिनों से हम लोग खतरे के बीच सफर कर रहे थे। अब मरम्मत शुरू होने से उम्मीद है कि जल्द ही समस्या खत्म होगी।” वहीं, राज यादव ने कहा कि, “प्रशासन ने समय रहते कदम उठाया है, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।”
ग्रामीणों का कहना है कि स्थायी समाधान बेहद ज़रूरी है, क्योंकि हर साल बरसात में इसी तरह कटाव और धंसने की समस्या सामने आती है।
NHAI अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि मरम्मत कार्य प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा किया जाएगा और स्थायी समाधान के लिए प्रस्ताव भी तैयार किया जा रहा है।
गौरतलब है कि चमनगंज क्षेत्र से होकर गुजरने वाला यह मार्ग NH-28 का हिस्सा है, जिस पर प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहन चलते हैं। ऐसे में सड़क की मजबूती और सुरक्षा यात्रियों के लिए बेहद अहम है।
Tags
बस्ती

